पातालपानी इंदौर के पास सुरम्य वादियों में खूबसूरत ट्रैकिंग का स्थान है।
इंदौर। पातालपानी इंदौर के पास सुरम्य वादियों में खूबसूरत ट्रैकिंग का स्थान है। यहां 3 सौ फीट ऊंची पहाड़ियों से एक कुंड में पानी गिरता है। कुंड की गहराई अभीतक अज्ञात है। लोकोक्ति में कहा गया है कि कुंड का पानी पाताल लोक तक जाता है। इसलिए इसका नाम पातालपानी पड़ा है। बरसात के मौसम के तुरंत बाद यहां का मौसम बेहद सुहावना होता है। झरने का पानी भी पूरे शबाब पर रहता है।
ठंड के मौसम में यह ट्रैकर्स को अपनी ओर आकर्षित करता है। बरसात में जहां काली मिट्टी होने के कारण ट्रैकिंग में दिक्कत आती है वहीं गर्मी में मौसम के शुष्क होने के कारण ट्रैकर्स यहां आने से बचते हैं। इसलिए यहां पर आप इस मौसम में जाकर ट्रैकिंग का लुत्फ ले सकते हैं।
कैसे पहुंचे पातालपानी
यह इन्दौर - खंडवा रेल मार्ग पर स्थित है। ट्रेन का ठहराव पाताल पानी स्टेशन ही है। यह महू स्टेशन से लगभग 6 किलोमीटर की दूरी पर है। सभी माल और यात्री गाड़ियां पाताल पानी स्टेशन पर टनट्या भील की छत्री पर रूकती है, जो कि घाट शुरू होने से पहले का तकनीकी ठहराव भी है।
दुर्घटना से बचें और बरतें सावधानियां
यहां के जलप्रपात में बारिश के समय बाढ़ आने का खतरा रहता है। हालांकि इस मौसम में यहां बारिश का खतरा न के बराबर हो जाता है। लेकिन, वाबजूद इसके यहां की ऊंची पहाड़ियों पर ट्रैकिंग के वक्त जरुर सावधानी बरतनी चाहिए। प्रशासन की तरफ से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम भी यहां पर किए गए है। झरने के आसपास रेलिंग लगा दी गई है।



0 Comments